वाराणसी। काशी के हृदय स्थल गोदौलिया पर दो पहिया वाहनों के लिए पार्किगिं की समस्या से जूझ रहे शहरियों को जल्द इसकी सुविधा मिलेगी। स्मार्ट सिटी योजना के तहत गोदौलिया चौराहे पर पांच मंजिला पार्किगिं बनाने की योजना तैयार कर ली गई है। तांगा स्टैंड और सटे खाली स्थानों पर इसे बनाया जाएगा। भूतल पर खास अवसरों पर वीआईपी/वीवीआईपी और अधिकारियों के लिए चार पहिया वाहनों को भी खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
गोदौलिया पर देश-दुनिया से आने वाले सैलानियों और तीर्थयात्रियों को जाम से निजात दिलाने के लिए स्मार्ट सिटी में मल्टीस्टोरी पार्किगिं बनाई जानी है। पांच मंजिला इस पार्किग में सिर्फ दो पहिया वाहनों के खड़ा करने का इंतजाम होगा। इसके टेंडर की प्रक्रिया भी चल रही है लेकिन अभी पूरी नहीं हो पाई है। टेंडर का काम पूरा होते ही वहां निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
पांच सौ से अधिक वाहनों के खड़ा करने की क्षमता होगी। वहीं बेनियाबाग में बनने वाली पार्किगिं का मामला लटक गया है। वजह, नगर निगम वहां जमीन नहीं मुहैया करा सका है। इसके चलते वहां बनने वाली पार्किगिं को प्रोजेक्ट से हटा दिया गया है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल का कहना है कि गोदौलिया में पार्किगिं बनाने का काम टेंडर फाइनल होने के बाद शुरू करा दिया जाएगा। बेनियाबाग की जगह मैदागिन पर जगह की तलाश की जा रही है। वहां भी जाम लगता है। जगह मिल गई तो वहां भी एक मल्टीस्टोरी पार्किगिं बनाई जाएगी।