वाराणसी। एंटी करप्शन की टीम ने शुक्रवार की दोपहर अर्दली बाजार के पहाड़पुर इलाके से तीन हजार रुपये घूस लेने के मामले में चकबंदी के कानूनगो को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कानूनगो को एंटी करप्शन की टीम ने कैंट पुलिस के सुपुर्द कर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
चौबेपुर थानाक्षेत्र के छितौना मुस्तफाबाद निवासी श्रवण पांडेय की मां रामसखी देवी के नाम से जाल्हूपुर में जमीन है, जिसका वह सीमांकन कराना चाहता था। चकबंदी कार्यालय ने इसका आदेश भी दिया था। जमीन के सीमांकन के लिए कानूनगो प्रेमचंद ने दो हजार रुपये की मांग की, जिस पर श्रवण तैयार हो गया। मौके पर पहुंचकर कानूनगो सीमांकन के लिए पांच हजार की मांग करने लगा। पैसे न मिलने पर वह वापस लौट गया। 27 जनवरी को एंटी करप्शन कार्यालय में इसकी शिकायत की गई थी। स्थानीय एंटी करप्शन की टीम ने छह फरवरी को जिलाधिकारी को सूचित करते हुए गवाह उपलब्ध कराने को कहा और एक टीम बनाकर कानूनगो के पहाड़पुर स्थित आवास पर भेजा। श्रवण कुमार ने तीन हजार रुपये के केमिकल युक्त नोट जेसे ही कानूनगो को दिए एंटी करप्शन टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एंटी करप्शन की महिला निरीक्षक सरोज पांडेय, रामसागर, नरेंद्र शामिल थे।