वाराणसी। सरकारी अस्पतालों में अब सुविधाओं के अभाव में मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसको लेकर अस्पतालों को उच्चीकृत करने की कवायद चल रही है, जिससे कि अस्पताल आने वाले सभी का बेहतर इलाज हो सके। बुधवार को बनारस आए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सिद्धार्थनाथ सिंह ने सीएमओ को अस्पतालों के उच्चीकरण के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने सपत्नीक पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बड़ागांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के बाद एयरपोर्ट पर सीएमओ से बातचीत में स्वास्थ्यमंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर और कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल के उच्चीकरण पर जोर देने के साथ ही अन्य अस्पतालों में चल रहे निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, काम में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। मंत्री ने दवा, जांच, ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाए जाने आदि की मानीटरिंग किए जाने की बात कही।