वाराणसी। मन चंगा तो कठौती में गंगा ... का संदेश देने वाले संत रविदास की जयंती पर उनके जन्मस्थान सीर गोवर्धन गांव में आस्था का कुंभ लगेगा। माघी पूर्णिमा पर संत की जयंती मनाने के लिए देश-दुनिया से लाखों की तादाद में अनुयायी वहां पहुंचेंगे। संत रविदास के सपनों का बेगमपुरा बसाने के लिए वहां शिविरों को लगाने का काम आरंभ हो गया है। अब तक पंजाब, हरियाणा, जम्मू, मध्यप्रदेश समेत अलग-अलग राज्यों के अनुयायियों के लिए 30 से अधिक शिविर तैयार हो गए हैं। इस बार सौ से अधिक शिविर लगाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में बिजली-पानी और प्रसाधन के इंतजामों को लेकर भी काम आरंभ हो गया है।
संत रविदास जन्मस्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सीर गोवर्धन में माघी पूर्णिमा पर जयंती महोत्सव मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंजाब से चार ट्रक खाद्य-रसद सीर गोवर्धन पहुंचा दिया गया है। तीन सौ से अधिक प्रसाधन भी मेला क्षेत्र में बनाए जा रहे हैं। होटलों में एनआरआई अनुयायियों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले रविदासिया संतों, भक्तों के लिए होटल-धर्मशालाओं में भी बुकिंग आरंभ हो गई है। जन्मस्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी सत्यपाल विर्दी ने बताया कि इस बार 25 से अधिक देशों के रविदासिया अनुयायी सीर गोवर्धन में गुरु रविदास जी महाराज की जयंती पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले की शोभा बनेंगे।