बाबतपुर। शारजाह से बनारस आने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान अपने निर्धारित समय से 14:30 घंटे की देरी से रविवार को सुबह साढ़े पांच बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। इसके बाद सुबह 7 बजे विमान ने शारजाह वापसी के लिए उड़ान भरी। विमान के विलंबित होने के कारण तमाम यात्रियों और उनके परिवार वालों को एयरपोर्ट पर ही रात गुजारनी पड़ी।
एयर इंडिया के स्थानीय प्रबंधक आतिफ इदरीस ने बताया की शारजाह में मौसम खराब होने के कारण विमान वहीं से विलंबित हुआ। साथ ही विलंब के चलते सोमवार को आने वाले विमान को रीशेड्यूल कर समय 12 बजे किया गया ताकि उड़ान के समय को समायोजित किया जा सके। हालांकि उसमेें भी अधिक विलंब हो गया। ऐसे में सोमवार को आने वाले विमान की मंगलवार को सुबह चार बजे तक यहां पहुंचने की संभावना है। इस दौरान विमान विलंबित होने के कारण विमान से शारजाह जाने वाले यात्रियों के साथ ही शारजाह से आने वाले यात्रियों के परिवार के सदस्य रात भर हवाई अड्डे पर इंतजार करते रहे।