वाराणसी। कैंट थाना अंतर्गत नदेसर स्थित मिंट हाउस इलाके में गुरुवार को दर्जन भर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने दिनदहाड़े दहशत फैला दी। नकाबपोश सरेराह संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल की बस में घुसकर उसमें मौजूद छात्र-छात्राओं की पिटाई करते हुए 11वीं के छात्र शशांक पांडेय को पूछने लगे। शशांक के मिलने पर उसे जमकर पीटने के बाद बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। घटना दिन में 11 बजे हुई।
शशांक को क्यों मारा-पीटा गया, इस बारे में वह कुछ नहीं बता सका। इस दौरान लगभग आधा घंटे तक क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल रहा और लोग सहमे नजर आए। स्कूल प्रबंधक राहुल सिंह की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्कूल बस के चालक नथुनी प्रसाद और परिचालक कमलेश ने बताया कि जैसे ही मिंट हाउस क्षेत्र में बस रुकी, 12 से 15 की संख्या में नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। बस में घुसने के साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को अंधाधुंध पीटना शुरू कर दिया और पूछने लगे कि रथयात्रा से बस से आने वाला शशांक पांडेय कौन है। दहशतजदा बच्चे रोते-चीखते रहे लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा और शशांक के मिलने पर उसे बस से खींचकर पीडब्ल्यूडी कॉलोनी जाने वाली सड़क पर ले गए और उसे जमकर मारा-पीटा। इलाकाई लोगोें ने शोर मचाया तो हमलावर बाइक स्टार्ट कर भाग निकले। सभी की बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बंधा हुआ था। एक की बाइक की नंबर प्लेट का कपड़ा गिर गया तो उसकी जानकारी कैंट पुलिस को दी गई है।