फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईशु के आने की खुशी में झूमकर नाचे मसीही

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। मसीही समाज के पावन पर्व क्रिसमस के उपलक्ष्य में रविवार को क्लर्जी फेलोशिप वाराणसी के संयोजन में यूनाइटेड कैरोल गीत-संगीत का आयोजन कैंटोनमेंट स्थित सेंट मेरीज कैथेड्रल चर्च के परिसर में किया गया। इसमें 30 गिरजाघरों की क्वायर ने क्रिसमस के मनमोहक गीत तथा नृत्य की प्रस्तुतियों से प्रभु ईशु के आगमन का संदेश दिया। साथ ही गले मिलकर एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी।
विज्ञापन

फादर विजय शांति राज की प्रार्थना से गीत-संगीत के कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इसके बाद उन्होंने क्रिसमस के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि यीशु का जन्म सारे मानव समाज के उद्धार के लिए हुआ था। मुख्य अतिथि राइट रेव्ह, बिशप यूजीन जोसफ ने मसीही समुदाय के लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। इसके बाद होप फेलोशिप की क्वायर ने क्रिसमस गीत यीशु आ, यीशु आ... पर शानदार डांस की प्रस्तुति से समां बांध दिया। लाल गिरजा की क्वायर ने भोजपुरी गीत चरनी में आयी है बहार... की प्रस्तुति दी। पास्टर अश्विन के नेतृत्व में टू लाइट क्वायर के बच्चों ने यहोवा ना मोरा... गीत पर झूमने को मजबूर कर दिया। करुणा प्रार्थना भवन के युवाओं ने भोजपुरी गीत ‘झूम झूम गावा आज बधाई.. और सुंदरपुर बाइबिल फेलोशिप की क्वायर ने ‘बड़ा दिन-बड़ा दिन आया है... गीत से तालियां बटोरीं। संचालक पास्टर अजय कुमार ने कहा कि यीशु ही क्रिसमस है, आज पूरे संसार में क्रिसमस ग्लोबल हो चुका है।
विजेता प्रेयर मिनिस्ट्रीज क्वायर की टोली ने संजय मसीह के नेतृत्व में ‘यीशु आया है, यीशु आया है...’ गीत पेश किया। इस टीम ने क्रिसमस की खूबसूरत झांकी भी सजाई थी, जिसमें मरियम, यूसुफ ओर स्वर्गदूत की झलक दिखाई गई। सीएनआई चर्च तेलियाबाग की टीम ने देखो चमका किस्मत का तारा... गीत से सराहना बटोरी। सेंट मैरीज कैथेड्रल और बेथेल फुल गॉस्पल की टोलियों ने भी सराहनीय प्रस्तुतियां दीं। पास्टर धर्मेंद्र तथा पास्टर राकेश ने भी विचार रखे। संचालन पास्टर अजय कुमार तथा पास्टर बेनजॉन ने किया। इस दौरान चर्च परिसर में मेले जैसा नजारा रहा। यहां लगे स्टॉलों पर लोगों ने नव वर्ष के कैलेंडर, कार्ड और क्रिसमस के सामानों की खरीदारी की। साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में एसपी सिंह, पास्टर नवीन ज्वॉय, पास्टर पीएम नागरालय, पास्टर अरविंद थॉमस, रवि जायसवाल, आदित्य कुमार और संजय दान आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें