वाराणसी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों संग श्री काशी विद्या मंदिर शिक्षण संस्थान का 26वां वार्षिकोत्सव ‘अंकुर’ बुधवार को नागरी नाटक मंडली के प्रेक्षागृह में मनाया गया। ‘...चली चली रे पतंग’ गीत पर बच्चों ने अपनी कल्पनाओं की ऊंची उड़ान भरी। इसी क्रम में भारत की विविध लोक संगीत की माला को भी बच्चाें ने खूबसूरती से पिरोया जिसमें असम से लेकर राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र की लोक गायकी से परिचय कराया। ‘चक दे इंडिया’ के धुन पर बच्चों ने खूब धमाल मचाया।
योग और कराते की जुगलबंदी भी खास रही जिसने अभिभावकों की खूब तालियां बटोरीं। इसी क्रम में भ्रष्टाचार की समस्या को उजागर करते लघु नाटक का जीवंत मंचन किया। गरबा, बीहु संग ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ गीत पर राजस्थानी नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने मंत्रमुग्ध कर दिया। कजरी और शिव तांडव की प्रस्तुति भी खूब थी। कार्यक्रम का समापन मां तुझे सलाम गीत पर नृत्य से हुआ। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर आयुक्त ओम प्रकाश चौबे व विशिष्ट अतिथि साहित्यविद हरिराम द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रबंधक रामचरण ने स्वागत किया व मेधावी छात्र-छात्राआें को पुरस्कृत किया। संचालन डॉ. ज्योति सिंह ने किया।