सारनाथ। पुणे के रेसकोर्स में घोड़ों का असिस्टेंट ट्रेनर कौस्तुभ रमेश (45) गुरुवार की सुबह हवेलिया चौराहा स्थित यात्री शेड की पाइप से फंदे से लटका मिला। कौस्तुभ के दोनों घुटने जमीन पर टिके होने के कारण उसकी हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस शव को दीनदयाल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के लिए परिवारीजनों के आने का इंतजार कर रही है। परिवारीजनों के अनुसार कौस्तुभ सोमवार से ही लापता था और इस संबंध में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराकर खोजबीन की जा रही थी।
सारनाथ थाना अंतर्गत हवेलिया चौराहा स्थित यात्री शेड की पाइप से गुरुवार की सुबह फंदे के सहारे एक अधेड़ लटका मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अधेड़ के पास मौजूद आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी शिनाख्त पुणे निवासी कौस्तुभ रमेश (45) के तौर पर की। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया कि कौस्तुभ के भाई आनंद रमेश भगत से बात हुई है। भाई ने बताया कि एक बेटे और एक बेटी का पिता कौस्तुभ सोमवार से ही लापता था और कैसे सारनाथ पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है।