वाराणसी। सीबीएसई स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें सर्वसुलभ हों इसके लिए स्कूलों में दूकान खोलने की अनुमति दे दी गई है। इस दूकान में एनसीईआरटी की ही किताबें बिकेंगी। इसके लिए एनसीईआरटी ने सीबीएसई से उनकी जरूरत के मुताबिक किताबों की डिमांड पेश करने को कहा है। यही नहीं सभी स्कूलों को इसके लिए एनसीईआरटी की वेबसाइट से लिंक कर रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सीबीएसई स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई कराने के निर्देश दिए हैं। अभिभावकों की शिकायत रहती है कि सीबीएसई स्कूल द्वारा निजी प्रकाशकों की किताब लेने का ही दबाव बनाया जाता है। कमीशन के चक्कर में निजी प्रकाशकों से मिलकर स्कूल महंगी किताबें बेचते हैं जबकि एनसीईआरटी की किताबें उससे कहीं ज्यादा सस्ती होती हैं। ऐसे में मंत्रालय ने न सिर्फ सीबीएसई स्कूलों में एनसीईआरटी किताबों को अनिवार्य किया है बल्कि किताबें आसानी से मिल जाएं, इसके लिए स्कूल परिसर में दूकान खोलने की अनुमति भी दे दी गई है। जबकि इससे पहले सीबीएसई ने परिसर में स्टेशनरी दूकान खोलने पर रोक लगा रखी थी। 2018-19 से परिसर में ही ये किताबें अभिभावकों व विद्यार्थियों को उपलब्ध होंगी।