वाराणसी। विश्व फोटोग्राफी दिवस (19 अगस्त) पर बीएचयू के दृश्य कला संकाय में लगने वाली फोटो प्रदर्शनी में देश-विदेश के छायाकारों का हुनर दिखेगा। व्यावहारिक कला विभाग और डिजाइन इनोवेशन सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में अहिवासी कला वीथिका में लगने वाली प्रदर्शनी में ब्राजील, लंदन के कलाकारों को भी ऑनलाइन प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। चार दिवसीय प्रदर्शनी में इस बार प्रतिभागियों की प्रदर्शनी को जगह-जगह लगे टीवी स्क्रीन पर दर्शाया जाएगा। पूरे आयोजन की डिजिटल गैलरी भी तैयार कराई जा रही है जिसके माध्यम से कोई भी वेबसाइट के माध्यम से कलाकृतियों को देख सकेगा।
प्रदर्शनी में 70 से अधिक प्रतिभागियों की कलाकृतियां देखने को मिलेंगी। इसमें सर्वाधिक लंदन के फ्लाई माउथ कॉलेज के 30 प्रतिभागी शामिल हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. हीरालाल प्रजापति ने बताया कि फोटोग्राफी दिवस को उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इससे फोटोग्राफी के प्रति कलाकारों का रुझान बढ़ेगा और उन्हें एक मंच मिलेगा। कार्यक्रम संयोजक डॉ. मनीष अरोड़ा ने बताया कि कोई भी छायाकार, कलाकार अपने फोटोग्राफ को माउंट एवं फ्रेम कराकर विभाग में जमा कर सकता है। इसके अलावा सेंटर के ई-मेल आईडी पर भी उसे भेजा जा सकता है।