माैसम के उतार-चढ़ाव के बाद लोग बीमारियों का शिकार होने लगे हैं। सर्दी, जुकाम और गले में खराश से पीड़ित लोग अस्पतालों में लाइन लगा रहे हैं। डाॅक्टरों ने अधिकतर मरीजों को गुनगुना पानी पीने की सलाह दी है।
Varanasi News: जिले में ठंड की आहट के साथ ही गुरुवार को जिला, मंडलीय अस्पताल समेत स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्दी, जुकाम और गले में खराश से पीड़ित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई।
विज्ञापन
सरकारी अवकाश के कारण ओपीडी आधे दिन के लिए खुली थी, फिर भी मरीजों की भीड़ कम नहीं हुई। सुबह से ही रजिस्ट्रेशन काउंटर, जांच कक्ष और दवा वितरण केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। जिला अस्पताल की ओपीडी में 1254 मरीजों ने पंजीकरण कराया, जिनमें करीब 400 मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और गले में खराश से पीड़ित थे। बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही।
मंडलीय अस्पताल में 417 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें 100 मरीजों में वायरल संक्रमण के लक्षण मिले। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की भीड़ रही। मंडलीय अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण इस तरह की समस्याएं हो रही हैं। सुबह-शाम गुनगुना पानी पीने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने से संक्रमण से बचा जा सकता है।
विज्ञापन
अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए सुविधाएं पर्याप्त हैं। त्योहार पर भी इमरजेंसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की समस्या न हाे, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ