वाराणसी। भेलुपुर थाना क्षेत्र की एक युवती की तहरीर पर मंडुवाडीह थाने में युवक, उसके मां-बाप और नाना के खिलाफ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।
प्रयागराज जिले की मूल निवासी और भेलूपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता के अनुसार, जुलाई 2014 में डीरेका परिसर में रहने वाली उसकी बहन के यहां मिज़ार्पुर जिले के कछवा थाना के रामापुरा निवासी रंजीत सिंह से उसकी मुलाकात हुई। रंजीत ने शादी का प्रस्ताव उसके सामने रखा। इसके बाद रंजीत ने लहरतारा बौलिया निवासी अपने नाना गिरजा शंकर सिंह के घर बुलाकर उससे कई बार दुष्कर्म किया। वह गर्भवती हुई तो रंजीत, उसकी मां मधु सिंह उर्फ गुड्डी, पिता गुलाब सिंह और नाना ने जबरन गर्भपात करा दिया। बीती 10 फरवरी को रंजीत ने उसे जान से मरवा देने की धमकी दी और शादी से इंकार कर दिया। एसएसपी के निर्देश पर मंडुवाडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।