वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एक कर्मचारी को नोटिस देने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारियों के बीच रार बढ़ती जा रही है। कुलसचिव ने आदेश जारी कर हड़ताल समाप्त करने को कहा है, लेकिन कर्मचारी सशर्त नोटिस वापसी की मांग पर अड़े हैं। सातवें दिन गुरुवार को भी कोई बात नहीं बनी और विश्वविद्यालय में कामकाज ठप रहा।
परीक्षा विभाग में तैनात कर्मचारी मनोज शंकर शर्मा को वित्तअधिकारी के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में नोटिस दी गई थी। इसके बाद से ही कर्मचारी पिछले शुक्रवार से ही कामकाज ठप कर हड़ताल पर हैं। इस बीच कुलसचिव की ओर से दो बार आदेश जारी कर नोटिस को अनुशासनात्मक कार्रवाई के दायरे में न आने का हवाला भी दिया गया, लेकिन कर्मचारी इस बात पर अड़े हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन यह लिखकर दे कि नोटिस का कर्मचारी को मिलने वाले प्रमोशन, वित्तीय सहित अन्य लाभों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस बीच गुरुवार को भी केंद्रीय कार्यालय समेत सभी विभागों में तालाबंदी रही। कुलपति भी अपने कार्यालय में नहीं जा सके। कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि जब तक सशर्त मांगें नहीं मान ली जाती हैं कामकाज ठप रहेगा। इसके लिए पहले ही कुलपति, कुलसचिव समेत अन्य अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।