रोहनिया/चौबेपुर। जिले के रोहनिया और चौबेपुर थाना क्षेत्र के दो मकानों को शनिवार की रात चोर निशाना बनाकर जेवरात, नगदी और कीमती सामान चुरा ले गए। रविवार को भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही। इसे लेकर भुक्तभोगियों के साथ ही ग्रामीणोें में खासा गुस्सा देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस यदि रात्रिकालीन गश्त पर गंभीरता से ध्यान देती तो ऐसी नौबत नहीं आती।
रोहनिया थाना अंतर्गत बभनियाव गांव निवासी नखड़ू यादव के घर की छत के रास्ते घुसे चोर सभी कमरों का दरवाजा बाहर से बंद कर दिए थे। चोर घर से 20 हजार रुपये और लगभग एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवरात चुरा ले गए हैं। सौ नंबर पर दी गई सूचना पर पुलिस आई तो बाहर से दरवाजों की कुंडी खोली गई। उधर, चौबेपुर थाना अंतर्गत जाल्हूपुर मधुकरपुर गांव निवासी बजरंगी के घर में छत के रास्ते से घुसे चोर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान चुरा ले गए।