सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के कांचन गांव में रविवार को दंपती की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर की गई हत्या के मामले का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। राबर्ट्सगंज कोतवाली में एसपी राम प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कुल्हाड़ी और खून से सना कपड़ा बरामद हुआ है। हत्या की वजह टोना, टोटका और भूतप्रेत आदि है।
एसपी ने बताया कि 15 जुलाई को रजमत और उसके पति हंस लाल का उसके घर में खून से लथपथ शव मिला था। उसके बेटे रामदुलारे की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। वादी ने बताया कि उसके गांव के ही कुछ लोगों ने टोना, भूतप्रेत आदि को लेकर उसकी मां को हत्या की धमकी दी थी। एएसपी डॉ. अवधेश सिंह के नेतृत्व मेें स्वाट टीम प्रभारी वीके सिंह, म्योरपुर, बभनी और दुद्धी थाना प्रभारियों को हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए लगाया गया था। सोमवार की सुबह म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी चौराहे के समीप पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए हत्यारोपी काचन गांव निवासी रामसरन, बाबूराम, उसके भाई रामदेव, महेंद्र और उसके भाई राजेंद्र की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्त लगा हुआ कुल्हाड़ी और कपड़ों को बरामद किया। हत्यारोपियों ने बताया कि मृत दंपती के भूतप्रेत व टोना आदि करने से रामसरन के बेटे की मौत हो गई थी। जबकि जांच के दौरान पता चला कि बीमारी से रामसरन के बेटे की मौत हुई है। एसपी ने हत्या का खुलासा करने वाली टीम को दस हजार प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।