वाराणसी/रामनगर। दशाश्वमेध और रामनगर थाना क्षेत्र में गंगा में डूबने से दो छात्रों की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची इलाकाई थानों की पुलिस ने दोनों छात्रों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पटना से पैरामेडिकल का छात्र चंदन कुमार (23) अपने पांच दोस्तों के साथ बनारस घूमने आया था। गुरुवार को मीर घाट पर स्नान के दौैरान चंदन गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। चंदन के दोस्तों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों और मल्लाहों की मदद से लगभग दो घंटे बाद शव को बाहर निकलवाया। दोस्तों ने बताया कि दो भाई और बहन में चंदन छोटा था। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया है।
उधर, रामनगर थाना अंतर्गत बलुआ घाट पर गंगा में बुधवार को स्नान के दौरान अंकित मिश्रा (17) गहरे पानी में जाकर डूब गया। सूचना पाकर पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। मुगलसराय के चतुर्भुजपुर निवासी कक्षा 11 के छात्र अंकित के चाचा कृष्ण मुरारी मिश्रा ने बताया कि वह सुबह उनकी बाइक लेकर ट्यूशन जानेे के नाम पर निकला था। उधर, बलुआ घाट पर मौजूद मल्लाहों ने बताया कि अंकित के साथ ही उसके मुहल्ले में रहने वाला दोस्त विष्णु शंकर चौबे भी डूब रहा था लेकिन मल्लाह प्रदीप साहनी ने बांस फेंक कर किसी तरह से उसे बचा लिया था।