वाराणसी। हड़हा वार्ड में रविवार को प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जनचौपाल लगाया। इस दौरान फरियादियों ने सीवर, पानी, सड़क, बिजली आदि से जुड़ी शिकायतें की गई। इस दौरान मंत्री ने संबंधित शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कराने को कहा। इस दौरान गलियों में दूषित जलापूर्ति की शिकायतों पर नगर निगम के अधिकारियों को इसका पता लगाके दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।
जनचौपाल में हड़हा के राधेश्याम ने कहा कि उनके घर के आस पास सफाई नहीं होती है। निगम से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। इसके अलावा बेनियाबाग के अनवारूल ने कहा कि गलियों में चौका क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसकी मरम्मत की आवश्यकता है। इस पर मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को गलियों के चौका दुरुस्त करने को कहा।
चौक के विनोद ने कहा कि गली में सीवर बहता है। कई बार निगम से इसे ठीक कराने को कहा गया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। हड़हा के फिरोज ने कहा कि गलियों में सफाई के अलावा बिजली के कई खंभे टेढे़ हो गए हैं। उसे दुरुस्त कराने की मांग की। मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया। जनचौपाल में अधिकतर शिकायतें जनसुविधाओं से जुड़ी रही।