वाराणसी। अपनी वेबसाइट सारथी के जरिए परिवहन विभाग दलालों से मुकाबले में जुटा है। इस सप्ताह से लागू हुई नई व्यवस्था के बाद ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन ऑनलाइन लिए जाने लगे हैं। ऐसे में कार्यालय में इस काम की भीड़ समाप्त हुई है। माना जा रहा है कि इस वेबसाइट के अपडेट होने के बाद दलालों की भूमिका पर लगाम लग सकेगी।
परिवहन विभाग में ऑनलाइन आवेदन के बाद अब प्रतिदिन ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 80 अभ्यर्थी ही पहुंच रहे हैं। जबकि पहले यह आंकड़ा 250 से 300 लोगों तक था। ऐसे में जल्दी और सुविधाजनक कामों के लिए लोग दलालों का सहारा भी लेते थे। मगर, ऑनलाइन आवेदन में प्रतिदिन केवल 80 आवेदन ही स्वीकार किए जाते हैं और इसके बाद अगले दिन का समय तय होता है।
ऑनलाइन आवेदन करने वालों को लाइसेंस बनने के बाद उसकी प्रति आने का इंतजार नहीं करना होगा, मोबाइल पर आए मैसेज के आधार पर ऑनलाइन प्रिंट निकाल कर उसे ड्राइविंग लाइसेंस के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। दरअसल, परिवहन कार्यालय पर दलालों का आतंक है और उनके बिना ज्यादातर काम नहीं हो पाते। पिछले दिनों दलाल ने कार्यालय में तैनात एक लिपिक से मारपीट तक कर ली थी। ऐसे में अब ऑनलाइन व्यवस्था के जरिए इनका मुकाबला किया जा रहा है। एआरटीओ प्रशासन अमित राजन राय ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद कार्यालय में भीड़ भी कम हुई और लोगों को सहूलियत हो रही है।