बड़ागांव। सरायकाजी स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक के मैनेजर रहे सतीश कुमार और बड़ागांव निवासी अतुल व संजय सिंह समेत चार के खिलाफ रविवार को बड़ागांव थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। यह कार्रवाई कैंट थाना के गोइठहां निवासी घनश्याम पटेल के प्रार्थना पत्र पर न्यायालय के आदेश से की गई।
गोइठहां निवासी घनश्याम पटेल ने बताया कि उसके परिवारीजनों ने जमीन बेच कर रकम काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक के खाते में जमा की थी। कागजों में हेराफेरी कर तत्कालीन शाखा प्रबंधक अहरक नवलपुर निवासी सतीश कुमार ने 15 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। दिसंबर 2014 में पासबुक अपडेट कराने पर पता लगा कि खाते से 15 लाख रुपये कम हो गए हैं। बैंक मैनेजर से बातचीत की गई तो उन्होंने गलती मानते हुए 30 जुलाई 2015 को चेक दिया जो जमा करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद उसने बैंक मैनेजर से पैसे मांगे उसे भगा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इस काम में बैंक मैनेजर का सहयोग अतुल व संजय सिंह के साथ एक अन्य ने किया था। मामले की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।