वाराणसी। संकटमोचन फाउंडेशन एवं ओजग्रीन ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को तुलसीघाट स्थित स्वच्छ गंगा पर्यावरण एवं प्रशिक्षण केन्द्र में मां अभियान शुरू किया गया। गंगा की स्वच्छता के लिए मदर फार मदर अभियान के तहत महिलाओं ने मानव श्रृंखला भी बनायी। संयोजिका आभा मिश्रा ने कहा कि मां गंगा भारत ही नहीं पूरी दुनियां की जीवन रेखा है।
उन्होंने कहा कि मां गंगा के साथ सभी माताओं की आस्था वैदिककाल से ही जुडी हुई है। प्रदूषण के चलते गंगा आचमन के लायक भी नहीं रह गई हैं। इसलिए मां को बचाने के लिए माताओं की भागीदारी अनिवार्य है। वहीं आस्ट्रेलियाई पर्यावरणविद एवं ओजग्रीन की संस्थापिका सु लेनाक्स ने गंगा की स्वच्छता पर माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्त्रस्म में स्लाइड शो के जरिए गंगा प्रदूषण की भयावहता और उससे मुक्ति के उपाय को प्रदर्शित किया गया। संचालन सुमेधा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया की जोयल, इनरव्हील क्लब वाराणसी उदया की अध्यक्ष तनु शुक्ला, डा. शारदा सिंह, रोली सिंह, अलका राय, नीलम मिश्रा, माधुरी शर्मा, अंजली सिंह, शैला बानो, नीतू सिंह, ज्योत्सना शुक्ला, दिव्या कसौधन, दीप्ती कसौधन, शुभिक्षा सिंह, अंजली सिंह सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।