वाराणसी/शिवपुर/चोलापुर। जिले की पुलिस का चोरों के आगे वश नहीं चल रहा है। खासतौर से शिवपुर और चोलापुर थाना क्षेत्र में तो चोरों के चलते आम आदमी का रात भर चैन से सो पाना मुहाल हो गया है। सोमवार की रात चोरों ने शिवपुर थाना क्षेत्र में एनटीपीसी के रिटायर्ड उप महाप्रबंधक के बंद पड़े घर से 40 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर और तीन लाख रुपये चुरा लिए। वहीं, चोलापुर क्षेत्र की एक आभूषण दुकान से लाखों के जेवर और कैंट क्षेत्र स्थित छावनी परिषद के कर्मचारी के घर से नगदी और जेवर चोर चुरा ले गए। भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची इलाकाई थानों की पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही। इसे लेकर आमजन में खासा गुस्सा देखा गया।
शिवपुर थाना अंतर्गत कामाख्यापुरी कॉलोनी में एनटीपीसी से रिटायर्ड उप महाप्रबंधक मोहम्मद लियाज सिद्दीकी घर बनवाकर रहते हैं। बीते छह जनवरी को जर्मनी जा रहे इंजीनियर बेटे सैफी को छोड़ने पुणे गए थे। मंगलवार की सुबह उनके बड़े भाई अयूब ने देखा कि मोहम्मद लियाज सिद्दीकी के घर का ताला टूटा हुआ है। अयूब ने फोन कर सूचना दी तो फ्लाइट से देर शाम लियाज घर पहुंचे। लियाज ने बताया कि तीनों कमरे का ताला तोड़कर आलमारी तोड़ी। इसके साथ ही 40 लाख से अधिक कीमत के जेवर, टीवी, लैपटॉप और तीन लाख रुपये चोर समेेट ले गए। सूचना पाकर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
चोलापुर थाना अंतर्गत आयर बाजार स्थित ओमप्रकाश सेठ की आभूषण की दुकान का शटर चांड़ कर घुसे चोर तिजोरी से 25 हजार रुपये और ढाई किलोग्राम चांदी व 70 ग्राम सोने के जेवर चुरा ले गए। इसके साथ ही दुकान में लगी टीवी बाहर फेंक दी और सीसीटीवी कैमरे उखाड़ कर डीवीआर उठा ले गए। मंगलवार की भोर पड़ोसियों की सूचना पर ओमप्रकाश दुकान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दिए। डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची पुलिस चोरों का सुराग नहीं लगा सकी। डॉग स्क्वॉड दुकान से सौ मीटर दूर जाकर रुक गया।
कैंट थाना अंतर्गत सदर बाजार निवासी छावनी परिषद में कार्यरत राजू ने बताया कि आठ जनवरी को वह लक्सा स्थित अपने बुआ के घर रुक गया था। लौटकर वापस आया तो घर का ताला टूटा हुआ था। बताया कि घर से 55 हजार रुपये और दो लाख से ज्यादा कीमत के जेवर चोरी हुए हैं। मामले को लेकर एसएसपी से राजू ने चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी गए माल को बरामद कराने की गुहार लगाई है।