वाराणसी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निकाय चुनाव के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मतदान केंद्रों को शनिवार की शाम पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ) के आठ हजार से अधिक जवानों ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। रविवार की शाम मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में ईवीएम के जमा हो जाने तक सभी जवान अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहेंगे। चिह्नित अति संवेदनशील 44 बूथों की निगहबानी दो ड्रोन कैमरे करेंगे। सौ बूथों पर निगरानी के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।
एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज ने बताया कि सभी थानेदार अपने क्षेत्र में मतदान शुरू होने से खत्म होने तक दी गई अतिरिक्त तीन-तीन क्यूआरटी के साथ लगातार भ्रमण करेंगे। शहर में 10 सब इंस्पेक्टर, 40 कांस्टेबल और एक प्लाटून सीपीएमएफ को रिजर्व रखा गया है। वहीं, रामनगर और गंगापुर में पांच-पांच सब इंस्पेक्टर और 20-20 कांस्टेबल के साथ एक-एक प्लाटून सीपीएमएफ रिजर्व में है। चुनाव ड्यूटी में सात डिप्टी एसपी, 11 इंस्पेक्टर, 650 सब इंस्पेक्टर, 850 हेड कांस्टेबल, 2600 कांस्टेबल, 3000 होमगार्ड, 350 चौकीदार, पांच कंपनी व एक प्लाटून पीएसी और दो कंपनी सीपीएमएफ को लगाया गया है। महिला मतदाताओं की मदद के लिए मतदान केंद्रों पर एक-एक महिला कांस्टेबल/होमगार्ड की भी ड्यूटी लगाई गई है।