वाराणसी। कांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशियों की पहली सूची में वार्ड नंबर 63 से सपा के सदस्य को टिकट दे दिया है। वहीं वार्ड नंबर 77 (रामापुरा) में बाहरी को टिकट देने से नाराज महानगर कमेटी के पिछड़ा विभाग के अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने 41 कार्यकर्ताओं के साथ महानगर अध्यक्ष को इस्तीफा सौंप दिया। उधर, महानगर अध्यक्ष सीताराम केशरी का कहना है कि इस्तीफा उन्हें नहीं मिला है।
कांग्रेस ने सोमवार 37 पार्षद प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है, उसमें वार्ड नंबर 63 बागहाड़ा से सपा के सदस्य संकठा प्रसाद प्रजापति का नाम घोषित किया है। मामले में मंगलवार को संकठा प्रसाद प्रजापति ने कहा कि मैं सपा का सक्रिय सदस्य हूं और मेरा किसी भी अन्य दल से लेना-देना नहीं है। दूसरी तरफ वर्मा और 41 कार्यकर्ताओं के इस्तीफे से पार्टी में हड़कंप मच गया है। वर्मा का कहना है कि वह कई साल से पार्टी में हैं। रामापुरा वार्ड नंबर 77 से पार्षद पद के लिए दावेदार थे। पार्टी ने स्थानीय शीर्ष नेतृत्व ने उनकी जगह प्रभात वर्मा को टिकट दे दिया। उनका कहना है कि प्रभात वर्मा दूसरे प्रदेश के हैं और इस वार्ड में भी नहीं रहते हैं।