रामनगर। बटाऊवीर स्थित एक मकान में सोमवार की भोर सुशीला देवी (65) मरी पड़ी मिलीं। सुशीला के मुंह और नाक से खून बह रहा था। इसके साथ ही कान से बह रहे खून के कारण ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे जेवरात नोचे गए हों और कमरे का पूरा सामान अस्तव्यस्त था। इसे लेकर इलाकाई लोगों ने सुशीला की हत्या और लूटपाट की आशंका जताई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार वृद्धा की मौत बीमारी से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामनगर थाना क्षेत्र के बटाऊबीर में सड़क किनारे स्थित मकान में सुशीला देवी अकेले रहती थी। उनके पति संतोष प्रजापति की 25 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। सुशीला की देखरेख आसपास के लोग करते हैं। पड़ोस की एक महिला सोमवार की सुबह सुशीला के लिए नाश्ता लेकर उनके कमरे में गई तो देखा कि वह चौकी पर निढाल पड़ी हुई थीं। सुशीला के मुंह और नाक से खून बह रहा था जबकि उनके कान के जेवर नोच लिए गए थे। इसके साथ ही पूरे कमरे का सामान अस्तव्यस्त था। कस्बे के लोगों के अनुसार हेरोइन का नशा करने वाले घर में घुसे और वृद्धा के विरोध करने पर जेवर लूटने के बाद गला दबा कर हत्या कर दिए। या फिर सड़क किनारे की वृद्धा की लाखों की जमीन पर किसी की नजर होगी तो उसने हत्या करा दी होगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामनगर विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या जैसा मामला नहीं प्रतीत हो रहा है। वृद्धा टीवी की मरीज थी और इसी वजह से उनकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।