वाराणसी। नगर निगम प्रशासन ने भारी फ ोर्स की मौजूदगी में शुक्रवार को चौथी बार पशुपालकों पर शिकंजा कसते हुए अभियान चलाया और 30 मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा। हालांकि इस दौरान पशुपालकों ने नगर निगम के एक कर्मी की पिटाई भी कर दी। अधिकारियों और पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले फरार हो गए। इस मामले में मारपीट करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पालतू व छुट्टा पशुओं को नगरीय सीमा से हटाने का अभियान शुक्रवार को सिगरा क्षेत्र के चंदुआ सट्टी, सोनिया, अमरनगर कॉलोनी में चला। अभियान के दौरान सड़कों व गलियों से कुल 30 मवेशियों को नगर निगम के पशु सचल दस्ते ने पकड़ा। सोनिया में पशुपालक राजकुमार के दो पशुओं समेत अभियान के दौरान 30 पालतू पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजा गया। अमरनगर कॉलोनी में अभियान के दौरान उस समय माहौल खराब हो गया जब नगर निगम के पशु सचल दस्ता के चालक की लोगों ने पिटाई कर दी। हालांकि वहां मौजूद अधिकारियों व पुलिस ने मोर्चा संभाला लेकिन तब तक मारने वाले फरार हो गए। बाद में अधिकारियों की पहल पर सिगरा थाने में पिटाई करने वाले के खिलाफ एफ आईआर दर्ज कराई गई। अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार सिंह, एसीएम तृतीय मदन मोहन वर्मा, सीओ अंकिता सिंह, इंस्पेक्टर सिगरा, डॉ. शमी समेत अन्य रहे।