वाराणसी। गुड़ खाकर पानी पिएं और फिर आराम से अपनी समस्या बताएं...। यह वाक्य अमूमन थाने या चौकियों पर आमजन को नहीं सुनाई देते हैं, लेकिन जीर्णोद्धार के बाद मंडुवाडीह थाने में आजकल फरियादियों के साथ पुलिसकर्मी कुछ ऐसे ही पेश आते हैं। यहां महिला फरियादियों के लिए अलग कमरा बनाया गया है, ताकि वे महिला पुलिसकर्मियों को एकांत में अपनी समस्याएं बता सकें।
मंडुवाडीह क्षेत्र के व्यापारियों और समाजसेवियों की मदद से थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने मंडुवाडीह थाना और इसकी बैरक, मेस व शौचालय का जीर्णोद्धार कराया है। थाने में आमजन के बैठने के लिए हवादार कमरे की व्यवस्था है और पानी के लिए आरओ मशीन लगाई गई है। जिस हवालात में मुजरिमों को बंद किया जाता है, उसका भी रंगरोगन कर टाइल्स लगाई गई हैं और बाहर से पंखा लगाया जाता है।
गुरुवार को मंडुवाडीह थानाध्यक्ष के पास एक मामला लेकर पहुंचे अधिवक्ता संतोष उपाध्याय ने बताया- एकबार उन्हें लगा कि वह गलत जगह आ गए हैं। मंडुवाडीह थाने की साफ सफाई और साजसज्जा प्रभावित करने वाली है। मंडुवाडीह के व्यापारी नेता विनय गुप्ता ने कहा कि थाने में आमजन की सुविधाओं का खयाल रखा जाने लगा है, यह देख कर खुशी हुई। उम्मीद है कि जिले के अन्य थाने भी इसी तरह से सुविधा युक्त होंगे।