वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत ककरमत्ता क्षेत्र की न्यू कॉलोनी स्थित आभूषण की दुकान में बुधवार को ग्राहक के तौर पर आए दो उचक्के छह लाख के जेवर लेकर भाग निकले। दुकानदार को जब जेवरों के गायब होने का ध्यान आया तो उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची भेलूपुर पुलिस दुकान में लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाल कर उचक्कों को चिह्नित करने का प्रयास की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
न्यू कॉलोनी में मंजीत कुमार सोनी की आभूषण की दुकान है। दोपहर 12:15 बजे के लगभग दो युवक उनकी दुकान पर आए। दोनों पंजाबी मिश्रित हिंदी बोल रहे थे। दोनों युवकों ने दुकानदार से सोने की चेन मांगी और देखने के बाद कहे कि पसंद नहीं आई। इसके बाद दोनों ने सोने का लाकेट मांगा। एक लाकेट दोनों ने पसंद कर कान का टप्स, झाला और अन्य जेवर देखा। इसके बाद दोनों ने शोकेस में रखा जेवर से भरा डिब्बा दिखाने को कहा। डिब्बे में रखे सोने के जेवर लगभग छह लाख रुपये मूल्य के थे। अचानक दोनों ने दुकानदार को कहा कि अच्छी क्वालिटी के जेवर नहीं है और तेजी से बाहर निकल गए। इसी बीच बाहर से दुकानदार का परिचित एक व्यक्ति आया और पूछा कि दोनों युवक दुकान से तेजी से भागे क्यों हैं। इस पर दुकानदार का ध्यान जेवर से भरे डिब्बे पर गया तो वह गायब था। दुकानदार ने बाइक से भिखारीपुर तक दोनों युवकों का पीछा किया लेकिन उनका पता नहीं लगा। इस संबंध में थानाध्यक्ष भेलूपुर ने बताया कि दुकान और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से दोनों युवकों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।