वाराणसी। उत्तर प्रदेश हज सेवा समिति की बैठक के दौरान बुधवार को सदस्यों को हज खिदमतगारों का रोष झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि अस्थायी हज हाउस में रहने और कम जगह मिलने से ऊहापोह की स्थिति बन जाएगी। लिहाजा, उड़ानों का समय परिवर्तित किया जाए और बिना किसी ठहराव के सीधे बनारस से जेद्दा की उड़ान की जाए।
अब्दुल्लाह मार्केट स्थित कैंप कार्यालय में बुधवार को मुकद्दस हज के लिए हज सेवा समिति की बैठक हुई। इसमें हज खिदमतगारों ने कहा कि पूर्वांचल के 16 जिलों के हज यात्रियों को यहां से प्रतिदिन तीन उड़ानों से जेद्दा रवाना होना है। पहली उड़ान का समय तड़के 6 बजे, दूसरी 9 बजे और तीसरी उड़ान दोपहर 12 बजे से है। इन उड़ानों का समय परिवर्तित किया जाए और बिना किसी ठहराव के उड़ान सीधे बनारस से जेद्दा होनी चाहिए। समिति ने हज कोआर्डिनेटर डॉ. जावेद को इस बाबत पत्र भी दिया। समिति ने पिछले कार्यों की समीक्षा की और महासचिव हाजी मोहम्मद इमरान ने रिपोर्ट पढ़ी। समिति में 10 नए सदस्यों को सदर हाजी वसीम अहमद की संस्तुति पर सदस्यता ग्रहण कराई गई। समिति ने 29 जुलाई से शुरू होने वाली हज यात्रा को लेकर ड्यूटी भी निर्धारित की। दो प्रशिक्षण शिविर व टीकाकरण की रूपरेखा भी तैयार की गई। बैठक में हाजी अब्दुल रहमान, हाजी जुनैद अली खान, हाजी रेयाज अंसारी, हाजी इकबाल खान, सफ ीर अहमद, सेराज अहमद फ ारुकी आदि ने सुझाव दिए।