वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के बाद शनिवार को ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। इसमें हर दिन की ओपीडी में आने वालों के साथ ही वे भी मरीज शामिल रहे जो शुक्रवार को हड़ताल की वजह से नहीं दिखा पाए थे।
आमतौर पर बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में चार से पांच हजार मरीज आते हैं, लेकिन शनिवार को हड़ताल खत्म होने के बाद शुक्रवार और शनिवार दोनों दिन के मरीजों का दबाव रहा। इस दौरान करीब छह हजार मरीज ओपीडी में देखे गए।
कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को दो जूनियर डॉक्टरों की पिटाई के बाद से ही देश भर के चिकित्सा विज्ञान संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को वे हड़ताल पर रहे। शनिवार को हड़ताल समाप्त होने के बाद सबने पहले की तरह सेवाएं शुरू कर दी, जिससे मरीजों ने राहत की सांस ली। इस दौरान ओपीडी हाल भी मरीजों और परिजनों से भरा रहा।