वाराणसी। पाइप लाइन बिछ गईं और टंकियां बनकर तैयार हैं। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन लीकेज के कारण रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। वरुणापार के कई मोहल्लों में यह समस्या बनी हुई है। पानी की किल्लत झेल रहे लोगों के सामने स्थितियां और भी खराब होती जा रही हैं।
सारनाथ स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से मई के पहले सप्ताह में पेयजल आपूर्ति शुरू होनी थी, लेकिन आधा जून बीतने के बाद भी जल निगम यह बता पाने की स्थिति में नहीं है कि जलापूर्ति कब तक शुरू होगी। क्षेत्र के लालपुर, पार्वती नगर, टकटकपुर, खजुरी, हुकुलगंज, बघवानाला, सारंग तालाब, अशोक नगर कॉलोनी, पहड़िया, दौलतपुर, प्रेमचंद नगर कालोनी, राहुल नगर, आवास विकास, कमला नगर, भक्ति नगर, संजय नगर, रमरेपुर, चित्रगुप्त नगर, अकथा चौराहा, नई बस्ती, पहड़िया गांव, सारंग गांव, सारनाथ और पांडेयपुर इलाके में पानी की समस्या गंभीर हो चुकी है। जल निगम ने कई क्षेत्रों की आधी एरिया में ही पाइप बिछाकर छोड़ दिया है। अकथा, पांडेयपुर, पंचक्रोशी चौराहा, पुलिस लाइन रोड, शिवपुर, कचहरी क्षेत्र में भी लीकेज की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
2010 में वरुणापार में करीब 400 करोड़ रुपये से डब्ल्यूटीपी की स्थापना और पेयजल पाइप लाइन की योजना तैयार हुई थी। फ रवरी 2019 में डब्ल्यूटीपी शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों को इस गर्मी में बेहतर पेयजल आपूर्ति की उम्मीद थी। जल निगम के अधीक्षण अभियंता का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों के लिए नई योजना शासन को भेजी गई है। लीकेज की मरम्मत कराई जा रही है।