फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे ट्रैक पर मिला छात्र का शव, हत्या की आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
पिंडरा। खालिसपुर रेलवे स्टेशन के समीप रेल लाइन पर शुक्रवार की सुबह छात्र शुभम यादव (21) का क्षतविक्षत शव मिला। सूचना पाकर पहुंची फूलपुर पुलिस और जीआरपी घटना को आत्महत्या बताती रही। परिजनों और पूर्व सांसद तूफानी सरोज से घंटों पंचायत के बाद फूलपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों के अनुसार देर रात शुभम ने अपने मामा और चचेरे भाई को व्हाट्स एप पर मेसेज किया था कि 10 लोग उसे घेर रखे हैं और उसे मार डालेंगे। शुभम की हत्या क्यों की गई, इसकी वजह परिजन नहीं बता सके।
विज्ञापन

सहमलपुर गांव निवासी भैयालाल यादव के दो बेटों में बड़ा शुभम बीए की पढ़ाई के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। गुरुवार की शाम वह घर से लगभग दो किलोमीटर दूर चरए गांव में वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था। परिजनों के अनुसार रात 11 बजे शुभम ने फोन कर कहा कि वो खाना खाकर थोड़ी देर में आ रहा है। 1:30 बजे के लगभग शुभम ने अपने मामा और चचेरे भाई को मेसेज किया कि उसको 10 लोग घेर रखे हैं और उसकी हत्या कर देंगे। मेसेज देख उसकी खोजबीन शुरू की गई। भोर में खालिसपुर रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैक पर शुभम का शव मिला। शुभम के दोनों हाथ कटे हुए थे, गर्दन पर गंभीर जख्म था और उसका चेहरा समझ में नहीं आ रहा था। शव से लगभग 10 किलोमीटर दूर उसकी बाइक और एक पैर का जूता मिला।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस के अनुसार रात डेढ़ बजे के लगभग खालिसपुर के स्टेशन मास्टर का फोन आया था कि एक युवक ने ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी है। इस सूचना पर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा था तब तक उसके परिजन आ गए। पुलिस आत्महत्या का मुकदमा दर्ज कर रही थी। पूर्व सांसद तूफानी सरोज आए और घंटोें बहस हुई, तब जाकर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें