वाराणसी। छह लाख रुपये लूटे जाने की फर्जी कहानी गढ़ने के आरोपी पहड़िया क्षेत्र की शंकरपुरम कॉलोनी के आर्यन जायसवाल को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आर्यन के दोस्त मनीष जायसवाल के घर से पांच लाख 90 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। मनीष की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
जैतपुरा थाना अंतर्गत नक्खीघाट पुल के पास सोमवार को आर्यन ने सौ नंबर पर सूचना दी कि उसकी आंख में लाल मिर्च पाउडर झोंक कर दो बदमाशों ने उससे पांच लाख 90 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस पहुंचने पर आर्यन ने बताया कि लूटे गए रुपये उसके फुफेरे भाई शराब कारोबारी महेश जायसवाल के हैं और वह उन्हीं की फर्म में काम करता है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और इंस्पेक्टर जैतपुरा शशिभूषण राय ने तफ्तीश शुरू की तो आर्यन के चेहरे और कपड़ों पर लाल मिर्च पाउडर के अंश नहीं मिले। लगभग तीन घंटे की पूछताछ में पता लगा कि आईपीएल के सट्टे और फुफेरे भाई का कर्ज चुकाने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी रची। रुपये उसके दोस्त मनीष के पास है। पुलिस ने मनीष के अशोक नगर स्थित घर में तलाशी ली तो रुपये मिल गए।
पुरस्कृत होगी पुलिस टीम
एसपी सिटी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, इंस्पेक्टर जैतपुरा शशिभूषण राय, एसआई प्रदीप यादव, घनश्याम वर्मा, रामभवन यादव, सुरेंद्र मौर्या, रामबाबू, कुलदीप सिंह, चंद्रसेन सिंह और सुनील राय की टीम को एसएसपी पुरस्कृत करेंगे। साथ ही पुलिस टीम को पुरस्कृत करने के लिए आईजी रेंज और एडीजी जोन को संस्तुति की जाएगी।
आईपीएल के बाद वर्ल्ड कप मैचों पर सट्टा
पूछताछ में आर्यन ने पुलिस को बताया कि आईपीएल के बाद क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैचों पर भी शहर में धड़ल्ले से सट्टा लग रहा है। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच मैच के दौरान आस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी समझ कर कई लोगों ने सट्टा लगाया था, लेकिन भारत की जीत से कई लोगों के लाखों रुपये डूब गए। 16 जून को होने वाले भारत और पाकिस्तान के मैच पर भी करोड़ों का सट्टा लगा है। दांव लगाने वालों से एडवांस रुपये जमा कराए गए हैं।