वाराणसी। स्कूली छात्राओं और महिलाओं के उत्पीड़न और बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए अब ऑनलाइन सेफ्टी का पाठ पढ़ाया जाएगा। यूपी पुलिस की वुमेन पॉवर लाइन, महिला सम्मान प्रकोष्ठ और यूनिसेफ ने इसको लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसमें विश्वविद्यालयों से लेकर स्कूल- कॉलेजाें में दो-दो घंटे की विशेष कार्यशाला आयोजित कर यहां छात्राओं को ऑनलाइन अपराध से बचने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नौ जुलाई से इसकी शुरुआत होगी।
महिलाओं, छात्राओं के साथ होने वाली घटनाओं पर नियंत्रण के लिए 1090 का गठन किया गया है। इस पर शिकायत करने के बाद काउंसलिंग के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। 1090 पर आने वाली शिकायतों में सर्वाधिक मामले साइबर क्राइम से जुड़े ही पहुंच रहे हैं, ऐसे में अब इस तरह की घटनाओं को लेकर पुलिस भी विशेष सतर्कता बरत रही है। वुमेन पावर लाइन की अपर महानिदेशक अंजू गुप्ता ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के रजिस्ट्रार को भेजे गए पत्र में 9 से 16 जुलाई तक कार्यशाला की जानकारी दी है। हर कार्यशाला में 300 छात्राओं को शामिल कर उन्हें साइबर क्राइम और इस पर नियंत्रण की जानकारी दी जाएगी।