फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छेड़खानी का आरोप लगाकर प्रशिक्षु महिला आरक्षियोें ने किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। प्रशिक्षु महिला आरक्षियों ने बुधवार सुबह छेड़खानी का आरोप लगाकर पुलिस लाइन गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। उनकी मांग थी कि सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए। प्रदर्शन और जाम की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आननफानन एसएसपी भी पहुंच गए। आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होने दी जाएगी, तब जाकर प्रशिक्षु महिला आरक्षी शांत हुई। इस दौरान पुलिस लाइन चौराहा से पांडेयपुर मार्ग पर आधा घंटा आवागमन बाधित रहा।
विज्ञापन

तीन जून को 347 प्रशिक्षु महिला आरक्षियों का दल तीन महीने के प्रशिक्षण के लिए पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर आया है। सुबह करीब सात बजे प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षु आरक्षियों का आरोप था कि मंगलवार रात उनकी बैरक की खुली खिड़की में हाथ डाल कर युवक ने छेड़खानी का प्रयास किया। शोर मचाने पर युवक भाग निकला, लेकिन सूचना देने के बाद भी दोनों प्रतिसार निरीक्षक नहीं आए। सोमवार रात भी एक युवक ने ऐसा ही प्रयास किया था। शिकायत के बावजूद प्रतिसार निरीक्षक का इस पर ध्यान न देना समझ से परे है।
प्रशिक्षु आरक्षियों के अनुसार, उनका बाथरूम बैरक से दूर खुली जगह में है, जहां बाहरी युवक ताकझांक करते हैं। उनके नहाने के दौरान वीडियो बनाते हैं। प्रशिक्षु आरक्षियों ने मांग की कि उनकी बैरकोें के इर्दगिर्द चहारदीवारी ऊंची बनवाई जाए। प्रकाश की समुचित व्यवस्था हो और सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए। भोजन की गुणवत्ता सही रहे और अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सब कुछ सही बताने का दबाव न बनाया जाए। पीने के पानी की व्यवस्था ठीक हो और बैरकों के पंखे सही कराने के साथ खिड़कियों में शीश लगवाए जाएं।
विज्ञापन

सीओ कैंट डॉ. अनिल कुमार ने आश्वस्त किया कि सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाएं मुकम्मल की जाएंगी। वहीं, एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने कहा कि यदि किसी प्रशिक्षु को कोई समस्या है तो वह अधिकारियों से शिकायत करें, लेकिन इस तरह से धरना प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशिक्षण से वापस लौटा दिया जाएगा। पूरे घटनाक्रम के दौरान तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही।
जांच के लिए तीन सीओ की समिति गठित
एसएसपी ने प्रकरण की जांच के लिए सीओ कैंट डॉ. अनिल कुमार, सीओ चेतगंज अंकिता सिंह और सीओ दशाश्वमेध प्रीति त्रिपाठी की टीम गठित कर रिपोर्ट मांगी है। टीम इस बात की तस्दीक करेगी कि तीन जून को आईं प्रशिक्षु आरक्षियों को किसी ने जानबूझकर प्रदर्शन के लिए भड़काया तो नहीं था। यदि किसी का दोष उजागर हुआ तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने सीओ कैंट को महिला आरक्षियों की बैरक के इर्दगिर्द सीसी कैमरे लगवाने को कहा है। प्रशिक्षु आरक्षियों की सुरक्षा में महिला सिपाहियोें की ड्यूटी लगाने का निर्देश देने के साथ ही एसपी ग्रामीण एमपी सिंह और सीओ कैंट को औचक निरीक्षण कर सुविधाओं की हकीकत जानने को कहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें