पिंडरा। जानलेवा हमले में घायल फूलपुर थाना के बेलवा गांव निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी सचिन त्रिपाठी की हालत गंभीर होने पर बुधवार को हरहुआ स्थित निजी अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, प्रकरण में नामजद बेलवा ग्राम प्रधान पति और फूलपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर सुजीत सिंह और उसके चार साथियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। घटनाक्रम से घबराए सचिन के पिता ओमकार नाथ त्रिपाठी ने परिवार की जानमाल की सुरक्षा की गुहार पुलिस अधिकारियों से लगाई है।
ओमकार नाथ त्रिपाठी के अनुसार उनका बेटा सचिन मंगलवार को बेलवा गांव के समीप स्थित अपनी दुकान पर था। शौचालय के निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत किए जाने से सचिन से सुजीत नाराज था। इसी बात को लेकर सुजीत अपने चार साथियों के साथ सचिन की दुकान पर गया और कहासुनी किया। इसके बाद सभी ने लाठी-डंडा और राड से वार कर सचिन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके साथ ही दुकान में रखे तीन लाख रुपये और सचिन की चेन सभी लूट ले गए। ओमकार नाथ के अनुसार घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना नहीं किया और आरोपियों को बचाने में लगी हुई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
टेंगरा मोड़ के समीप महिला का शव मिला
रामनगर। टेंगरा मोड़ के समीप बाईपास पुल के नीचे बुधवार को एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस शव की शिनाख्त नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार लाल-हरे रंग की साड़ी और सफेद रंग का ब्लाउज पहने महिला की उम्र लगभग 70 वर्ष है। रामनगर पुलिस ने शव को लालबहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।