वाराणसी। छात्रों ने कुल सचिव से मिलकर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की ओर से 31 मई को कराई गई एलएलबी प्रवेश परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे रद करने की मांग की है। चेतावनी दी कि 48 घंटे में परीक्षा रद नहीं की गई तो वह आंदोलन करेंगे।
मंगलवार को शुभम कुमार सेठ के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों ने ज्ञापन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। शुभम ने कहा कि प्रवेश परीक्षा वाले दिन जगतपुर पीजी कॉलेज और यूपी कॉलेज में कुछ छात्रों के पास परीक्षा कक्ष में मोबाइल मिला था। पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से परीक्षा की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़ा होता है। इस दौरान जनार्दन सिंह, सौरभ सेठ, जयप्रकाश सिंह, अमित यादव, देव नारायण पांडेय, राहुल जायसवाल, विपुल सेठ, शुभम सिंह, अश्वनी जायसवाल आदि मौजूद रहे।