वाराणसी। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोप में गिरफ्तार यूपीपीएससी की निलंबित परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई है। जमानत याचिका पर छह जून को अदालत सुनवाई करेगी। इसे लेकर पुलिस भी अपने दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुटी हुई है ताकि अभियोजन पक्ष अपने तथ्यों और साक्ष्यों के सहारे जमानत याचिका खारिज कराने में सफल रहे।
उधर, प्रकरण की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) को दो दिन की समय सीमा बीतने के बाद भी यूपीपीएससी के अध्यक्ष का जवाब नहीं मिल पाया है। इस वजह से एसआईटी की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। 2018 में आयोजित एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोप में यूपीपीसएसी की परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार और कोलकाता निवासी प्रिंटिंग प्रेस मालिक कौशिक कुमार को मई महीने के आखिरी हफ्ते में गिरफ्तार किया गया था। लगातार छापेमारी के बावजूद प्रकरण में नामजद अन्य सात आरोपियों का अब तक पता नहीं लग सका है। जांच कर रही एसआईटी प्रकरण से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यूपीपीएससी के अध्यक्ष का जवाब मिलने पर तफ्तीश तेजी से आगे बढ़ेगी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें निरंतर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई हत्थे नहीं चढ़ सका है।