वाराणसी। राजस्थान के बाड़मेर जिले से अपहृत किशोरी और चंदौली निवासी उसके ट्यूशन मास्टर को चेतगंज पुलिस ने रविवार को नाटीइमली क्षेत्र के एक होटल से बरामद किया। शिक्षक को हिरासत में लेकर चेतगंज पुलिस बाड़मेर जिले की पुलिस और किशोरी के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
चंदौली जिले के धानापुर थाना अंतर्गत बसगांवा निवासी अभय बाड़मेर में एक स्कूल में पढ़ाता था। उसी स्कूल में किशोरी भी कक्षा 10 में पढ़ती थी। अभय किशोरी के घर जाकर उसे ट्यूशन भी पढ़ाता था। बीते एक साल से अभय और छात्रा को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। छात्रा के परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने नाराजगी जताई। इसी बीच 30 मई को किशोरी को उसके घर से लेकर अभय बनारस चला आया और दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की ठानी। रविवार को चेतगंज पुलिस होटलों की रूटीन चेकिंग कर रही थी। होटल में अभय और किशोरी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं तो पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की। तब यह मामला सामने आया। इंस्पेक्टर चेतगंज ने बताया कि राजस्थान पुलिस से संपर्क करने पर पता लगा है कि अभय के खिलाफ वहां मुकदमा दर्ज है, इसलिए उसे हिरासत में ले लिया गया है। राजस्थान पुलिस और छात्रा के परिजनों के आने पर दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।