वाराणसी। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की संयुक्त संवर्ग की परीक्षा में धांधली के प्रयास में गिरफ्तार चार आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। साथ ही मंडुवाडीह पुलिस चांदपुर स्थित सरदार पटेल आदर्श इंटर कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि दो शिक्षकों की मिलीभगत के पीछे कॉलेज प्रबंधन का हाथ हो सकता है।
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत चांदपुर स्थित सरदार पटेल आदर्श इंटर कॉलेज में गुरुवार को आयोजित मंडी परिषद की परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान मजिस्ट्रेट के निरीक्षण में अरविंद की टेबल पर यूपीपीएससी-2018 की प्रारंभिक परीक्षा का पेपर मिला। पूछताछ शुरू हुई तो सामने आया कि कक्ष निरीक्षक बना गोरखपुर का विपिन कुमार दुबे अभ्यर्थी है और उसकी जगह कुरौना का अरविंद परीक्षा दे रहा है। जांच शुरू हुई तो पता चला कि धांधली का सूत्रधार कॉलेज का भौतिकी का शिक्षक कल्पनाथ वर्मा है और उसने इसके लिए तीन लाख रुपये में सौदा तय किया है।
कल्पनाथ ने इस काम में हिंदी के शिक्षक सरकारीपुरा के रामाश्रय मिश्रा, सरौनी के राजीव कुमार उर्फ राजकुमार पटेल और बायोमैट्रिक हाजिरी लेने वाले मड़ौली के रवि पटेल को भी शामिल किया था। कल्पनाथ और अरविंद तो भाग निकले, जबकि बाकी चार पकड़ लिए गए। थानाध्यक्ष मंडुवाडीह संजय त्रिपाठी ने बताया कि विपिन, रामाश्रय, रवि और राजीव को जेल भेज दिया गया है। कल्पनाथ और अरविंद की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है। सामने आए तथ्यों और साक्ष्य के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।