वाराणसी। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की समस्या और भी गंभीर होती जा रही है। मनमानी कटौती से जनता परेशान है। जबकि कटौती के लिए जानकारी के लिए संबंधित अधिकारियों के फोन नहीं उठते हैं।
शहर के ज्यादातर इलाके में प्रतिदिन बिजली कटौती हो रही है। इसकी वजह से भीषण गर्मी में लोगों को गर्मी और उमस से दो चार होना पड़ रहा है। बीमार, बुजुर्ग और बच्चों को सबसे ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आईटीआई उपकेंद्र से जुड़े कई क्षेत्रों में सुबह बिजली गुल हुई और दोपहर में आई। इसका कारण लोड बैलेंसिंग बताया गया। करौंदी व आस पास का इलाका प्रभावित रहा। इसी प्रकार शंकुलधारा से निर्गत रघुनाथ फीडर की केबल में फाल्ट आने के कारण इससे जुड़े क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। दोपहर बाद दो बजे से सवा तीन बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
कहीं नहीं मिल रही तो कहीं दिन में भी जल रही बिजली
वाराणसी। शहर के कई इलाके बिजली के संकट से जूझ रहे हैं तो कुछ क्षेत्रों में दिन में भी रोड लाइट चमकती दिखीं। इसकी वजह से जहां कई लोगों के हिस्से की बिजली बर्बाद हो रही है तो वहीं विभाग को लाखों रुपये की चपत लग रही है। सड़क पर लगी रोड लाइट और घाटों पर रोशनी के लिए लगाए गए हेरिटेज लाइट दिन में भी जल रहीं हैं। बिजली की बर्बादी को लेकर हर आने जाने वाला व्यक्ति जिम्मेदार विभाग को कोस रहा है।