वाराणसी। 2019 का लोकसभा चुनाव संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विशिष्ट और अतिविशिष्ट जनों की आवाजाही के लिए भी याद रखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण वाराणसी में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया खत्म होने के बाद रोजाना औसतन 30 से 35 विशिष्ट जन आते-जाते रहे। चुनाव ड्यूटी में पुलिस के बाहर जाने के कारण फोर्स की कमी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से वीआईपी विजिट, मतदान और मतगणना संपन्न कराने के कारण पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को शीर्ष स्तर से शाबाशी दी गई है।
प्रधानमंत्री ने 26 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस दिन प्रधानमंत्री के अलावा काशी में देश के गृह मंत्री, विदेश मंत्री, यूपी, बिहार व नागालैंड के मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित 45 विशिष्ट / अति विशिष्टजन शहर में थे। इसके बाद भी वीवीआईपी और वीआईपी 17 मई तक शहर में आते-जाते रहे लेकिन 26 अप्रैल जैसा रिकॉर्ड नहीं बन सका।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि चुनाव के दौरान सब कुछ बेहतर और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के पीछे टीम वर्क की अहम भूमिका रही। एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन मुस्तैदी के साथ किया।