वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के नए चीफ प्रॉक्टर के पद पर प्रो. ओपी राय को नियुक्त किया गया है। वह वाणिज्य संकाय में प्रोफेेसर के पद पर कार्यरत हैं। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने दी। प्रो. रोयाना सिंह के इस्तीफे के बाद कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने तत्कालीन डिप्टी चीफ प्रॉक्टर प्रो. श्रद्धा सिंह को कार्यवाहक चीफ प्रॉक्टर नियुक्त किया था। अब बीएचयू को नया चीफ प्रॉक्टर मिल गया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. राय ने कहा कि वह परिसर में छात्र-छात्राओं से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेंगे। परिसर में शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल बनाना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। प्रो. राय पूर्व में भी प्रॉक्टोरियल बोर्ड में रह चुके हैं। इसके अलावा सेंट्रल युनिवर्सिटी आफ साउथ बिहार गया में समकुलपति प्रो-वाईस चांसलर भी रह चुके हैं।
प्रो. रोयाना सिंह लगभग दो साल तक चीफ प्रॉक्टर रहीं, लेकिन पूरे कार्यकाल के दौरान विवादित ही रहीं। विश्वविद्यायलय परिसर लगातार अशांत रहा। छात्र-छात्राओं द्वारा लगातार उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया जाता रहा। इसी बीच बीएचयू परिसर स्थित बिड़ला छात्रावास के गेट पर एक छात्र को गोली मार कर उसकी हत्या करने के बाद वह फि र से विवादों में घिरीं। मृत छात्र के पिता ने प्रो. रोयाना सिंह पर हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया। हत्या की साजिश के आरोप के बीच प्रो. रोयाना सिंह ने इस्तीफ ा दिया जिसे कुलपति ने स्वीकार कर लिया।