वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुनामी में तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय और बाहुबली अतीक अहमद सहित 24 प्रत्याशी जमानत तक नहीं बचा पाए। पीएम मोदी के खिलाफ 25 प्रत्याशी मैदान में थे। 11 प्रतिद्वंद्वी तो एक हजार का आंकड़ा भी नहीं छूू पाए।
सांस्कृतिक नगरी काशी के चुनाव परिणाम पर देश ही नहीं, दुनिया की नजर थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत को लेकर सभी आश्वस्त थे, बस जीत के अंतर पर निगाह टिकी थी। पीएम मोदी की जीत पिछले लोकसभा चुनाव से तो बड़ी हुई ती, कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय व जेल में निरुद्ध अतीक अहमद सहित कई प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। अजय राय को इस बार 2014 से ज्यादा मत मिले, लेकिन यह जमानत बचाने के लिए नाकाफी थे। उन्हें कुल 1,52,548 मत मिले। वहीं जेल से पर्चा भरने वाले निर्दल प्रत्याशी अतीक अहमद को मात्र 855 वोट मिले। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सुरेंद्र राजभर को 8,892 वोट मिले और उनकी भी जमानत जब्त हो गई। 11 प्रतिद्वंदी एक हजार का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 2014 के चुनाव में वाराणसी संसदीय सीट से 41 प्रत्याशी मैदान में थे और 39 अपनी जमानत नहीं बचा पाए थे।