वाराणसी। सामग्री प्रबंधन विभाग डीरेका की ओर से, उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे व केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन प्रयागराज के सहयोग से बुधवार को स्थानीय प्रेक्षागृह (सिनेमा हॉल) में आपूर्तिकर्ता सम्मेलन (वेंडर मीट-2019) का आयोजन किया गया। सदस्य सामग्री प्रबंधक रेलवे बोर्ड वीपी पाठक ने उद्घाटन के दौरान आपूर्तिकर्ताओं को सुझाव दिया कि वे विकास के लिए उन्हीं पुर्जों का चयन करें, जिसके निर्माण के लिए उनके पास संपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर हो।
प्रमुख कार्यकारी निदेशक रेलवे भंडार रेलवे बोर्ड वीके श्रीवास्तव ने आपूर्तिकर्ताओं को भारतीय रेल के साथ लंबे समय तक जुड़ने का सुझाव देते हुए कहा कि भारतीय रेल में भुगतान की दिक्कत नहीं होती है। कार्यक्रम के दौरान सदस्य सामग्री प्रबंधक रेलवे बोर्ड ने अन्य अधिकारियों के साथ उत्तर मध्य रेलवे की पुस्तिका ‘बुकलेट फार प्रास्पेक्टिव वेंडर्स’ का विमोचन किया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आरके यादव, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक पूर्व मध्य रेलवे पीएन पांडेय, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन कमलेश शुक्ला आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कारखाना स्थित भंडार डिपो में रेल इंजनों में लगने वाले कल-पुर्जों को प्रदर्शित किया गया।