बलिया। बैरिया में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे प्रदेश में बुआ-बबुआ की लूट खसोट की दुकान चल रही थी। मैंने और मोदी जी ने इस पर ताला लगा दिया। अब इन्होंने एक नया काउंटर खोला जिस पर महामिलावटी माल बेच जनता को ठगने की कोशिश की जा रही है लेकिन 23 मई को जनता यह काउंटर भी बंद कर देगी। ये फिर एक-दूसरे को गाली देंगे।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बिजली के लिए गुहार नहीं लगानी पड़ती है। कोई समस्या नहीं। पहले गुंडों की सरकार लोगों को परेशान करती थी। हमारी सरकार ने कहा गुंडों को या तो जेल भेजेंगे या फिर उनका राम नाम सत्य करेंगे। सपा सरकार ने पहले चीनी मिलों को बंद किया फिर बुआ की सरकार ने मिलों को बेचना शुरू कर दिया। 21 चीनी मिलों को बेचा गया। हमने चीनी मिलों को दोबारा चलाने का निर्णय लिया। पूर्वांचल के गोरखपुर में चीनी मिल शुरू कर दी गई। बस्ती में भी मिल की प्रक्रिया चलाई गई। चीनी मिल से इथेनाल समेत बिजली आदि तक पैदा की जा रही है। कुछ मुकदमे सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। उनके सुलझते ही पूरे प्रदेश में चीनी मिलों को शुरू कर दिया जाएगा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर प्रदेश में लूट खसोट जारी थी तो केंद्र में इन्हीं के समर्थन से कांग्रेस की सरकार लूट खसोट में व्यस्त थी। कांग्रेस ने कई घोटाले किए हैं। मोदी सरकार ने विकास योजनाओं पर देश में सौ लाख करोड़ का निवेश कराया। कहा कि बलिया की धमनियों में भी राष्ट्रवाद का रक्त दौड़ता है। 1942 में जब राष्ट्र पराधीन था तब बलिया ने खुद को स्वतंत्र घोषित कर एक नई अलख जगाई थी। आज देश आतंकवाद, भ्रष्टाचार और अन्य अव्यवस्थाओं की लड़ाई लड़ रहा है। ऐसे में बलिया इस लड़ाई में खुद को कैसे पीछे रख सकता है।