वाराणसी। नगर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की बढ़ती वारदातों से एसएसपी ने थानेदारों पर नाराजगी जताई है। कोतवाली, कैंट, भेलूपुर, दशाश्वमेध और लंका थानाध्यक्ष को फटकार लगाते हुए एसएसपी ने कार्यशैली में सुधार लाने की ताकीद की है। इसके साथ ही चेताया है कि यदि वारदातों पर प्रभावी तरीके से अंकुश नहीं लगा तो थानाध्यक्ष के साथ ही संबंधित क्षेत्र के चौकी प्रभारी और बीट आरक्षी भी विभागीय कार्रवाई की जद में आएंगे।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बुधवार को चेन स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए बैठक बुलाई। इस दौरान जिन थाना क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग की वारदातों में बढ़ोतरी हुई है, उनसे संबंधित थानाध्यक्षों को प्रभावी तरीके से ड्यूटी करने के लिए चेताया। इसके साथ ही थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पीड़ित से पुलिस चेन स्नेचर के हुलिया और घटना के समय व स्थान आदि की सही जानकारी लें। चिह्नित चेन स्नेचरों का एलबम बनवा कर थानों, पुलिस चौकियोें और सार्वजनिक स्थानों पर टंगाया जाए। चेन स्नेचिंग के प्रकरणों की क्षेत्राधिकारी प्रति हफ्ते मॉनिटरिंग करें। विवेचक से क्षेत्राधिकारी जवाब तलब करें कि बदमाश को पकड़ने और चेन बरामद करने के लिए उन्होंने क्या प्रयास किया। इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।