वाराणसी। मंडुवाडीह और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में बुधवार को दो महिलाओं ने फंदे पर झूल कर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। दोनों की आत्महत्या की वजह घरेलू कलह बताई गई है।
नवापुरा निवासी शारदा प्रसाद की बेटी आरती देवी (22) की शादी पांच वर्ष पूर्व अगस्तकुंडा निवासी बाबूलाल पटेल के पुत्र विजय से हुई थी। आरती दो बच्चों की मां थी। विजय के अनुसार मंगलवार रात पत्नी से कहासुनी हुई थी और बुधवार को उसने पंखे से फंदे के सहारे झूल कर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने आरती को जान से मारने का आरोप लगाया। पुलिस पति विजय, ससुर बाबूलाल सहित तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
उधर, मंडुवाडीह थाना अंतर्गत शिवदासपुर क्षेत्र की बिंद बस्ती निवासी अभिषेक की पत्नी सुनीता उर्फ प्रेमशीला (32) ने साड़ी के फंदे के सहारे पंखे से झूल कर जान दे दी। प्रेमशीला का विवाह 2009 में हुआ था और वो दो बच्चों की मां थी। परिजनों के अनुसार फेरी लगाकर परिवार का पेट भरने वाले अभिषेक और उसकी पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद हो रहा था। इसी से आजिज आकर प्रेमशीला ने आत्महत्या की है। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।