वाराणसी। बीएचयू दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव विजडम-2019 का रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच शनिवार को समापन हुआ। अंतिम दिन भावी दंत चिकित्सकों ने जहां गायन, नृत्य की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, शाम को आयोजित फैशन शो में वालीवुड गीतों पर रैंप पर कैटवाक कर जलवा बिखेरा।
विश्वविद्यालय कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी कृषि सभागार में विजडम के अंतिम दिन सुबह प्रतिभागियों ने मिमिक्री में अभिनेताओं, राजनेताओं के आवाज सुनाकर सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद नृत्य प्रतियोगिता में एकल और समूह प्रस्तुतियां देखने को मिली। सभागार के बाहर बने सेल्फी प्वाइंट पर छात्र-छात्राओं ने सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया। शाम को आयोजित फैशन शो में रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर प्रतिभागी जैसे ही रैंप पर उतरे पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पहले एकल और बाद में समूह में प्रतिभागियों ने फैशन का जलवा बिखेरा। समापन समारोह में तीन दिन तक चली प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा के साथ ही उन्हें पुरस्कृत किया गया।