वाराणसी। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों की याद में रविवार को आईएमएस बीएचयू में आयोजित मिनी मैराथन ‘सोल्जराथन’ में शिक्षकों और छात्रों ने दौड़ लगाई। इससे पहले संस्थान में कैंडल जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। संस्थान से निकले मैराथन को प्रो. यूपी शाही ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छात्र-छात्रा वर्ग में तीन-तीन प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, पदक देकर पुरस्कृत भी किया गया।
आईएमएस के वार्षिकोत्सव एलिक्जर में पांच दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत एक मार्च से होगी। इसके पहले रविवार को आयोजित मिनी मैराथन में सभी संकायों के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। एमबीबीएस 2016 बैच के अमृत अग्रवाल और उनकी टीम के निर्देशन में आईएमएस गेट से निकल कर छात्र-छात्रा और शिक्षक मालवीय भवन, एलडी गेस्ट हाउस, बिरला चौराहा, स्वास्थ्य केंद्र होते हुए विधि संकाय, केएन उडप्पा तिराहा के रास्ते वापस संस्थान पहुंचे।
छात्रों में रजनीश शक्ति ने प्रथम, अवधेश और अखिलेश गोंड ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में काजल कुशवाहा को पहला, सृति लाखोटिया को दूसरा और अदिति जोशी को तीसरा स्थान मिला। इसी तरह शिक्षकों में डॉ. भूपेंद्र सिंह यादव प्रथम, डॉ. सिद्धार्थ लाखोटिया द्वितीय और तृतीय स्थान पर डॉ. रतन श्रीवास्तव, डॉ. आनंद चौधरी और डॉ. यूपी शाही रहे। महिला शिक्षकों में डॉ. अंजली रानी को पहला, डॉ. मानुषी श्रीवास्तव को दूसरा स्थान पाने के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। कार्यक्रम में रजत सिंह, राजन कुमार, रजनीश सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।